बालोद : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल5 की रेडियोवार्ता ‘‘लोकवाणी‘‘ की छठवीं कड़ी को आज उत्साहपूर्वक सुना गया। नगर पालिका परिषद बालोद के प्रांगण में मुख्यमंत्री की रेडियोवार्ता ‘‘लोकवाणी‘‘ को आज सामूहिक रूप से जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं सहित सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना और कार्यक्रम की सराहना की।
मुख्यमंत्री की रेडियोवार्ता को सुनकर नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के एक वर्ष के कामकाज की जानकारी दी और ग्रामीणों, किसानों और अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति तथा अन्य कमजोर तबकों को राज्य के विकास के साथ जोड़ने, शिक्षा से रोजगार तक युवाओं को सर्वांगीण विकास के अवसर देने आदि की जानकारी दी वह सराहनीय है। पार्षद श्री बिरझू राम ठाकुर ने रेडियोवार्ता लोकवाणी सुनकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने एक जनवरी 2020 से ‘‘स्वास्थ्य सेवा योजना‘‘ शुरू करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 65 लाख परिवारों के प्रत्येक सदस्य के उपचार हेतु डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना शुरू करने की जानकारी दी, वह बहुत उपयोगी है।
आमापारा बालोद के वरिष्ठ नागरिक श्री आर.के.शर्मा ने रेडियोवार्ता लोकवाणी सुनकर कहा कि यह कार्यक्रम प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपयोगी है। मुख्यमंत्री ने आज स्वामी विवेकानंद की जयंती के सुखद संयोग का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सिंचाई के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी, वह बहुत अच्छा लगा। संजय नगर बालोद के श्री अरमान अश्क ने मुख्यमंत्री के रेडियोवार्ता लोकवाणी सुनकर कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सिंचाई क्षमता के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सिंचाई विकास प्राधिकरण गठन किए जाने की जानकारी दी, वह बहुत सराहनीय है। लोकवाणी कार्यक्रम को श्रवण करने पार्षद श्री सुनील जैन, श्रीमती दिप्ती शर्मा, श्रीमती धनेश्वरी ठाकुर सहित नागरिकगण और अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।
